Friday 25 August 2023

बोधगया महाबोधी मंदिर परिसर में चली गोली, हवलदार की मौत

बोधगया महाबोधी मंदिर परिसर में चली गोली, हवलदार की मौत

बोधगया। दिनांक 25.08.23 को समय लगभग 1:40 पर महाबोधि मंदिर परिसर बोधगया के अंदर गोलियों की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर महाबोधि मंदिर के अंदर तैनात पुलिस बल तुरंत अलर्ट हो गए और जिला पुलिस बल तथा विशेष सशत्र बल के वरीय पदाधिकारियो को इसकी सूचना दी गई।



सूचना पाते ही वरीय पुलिस अधीक्षक गया, नगर पुलिस अधीक्षक, गया समेत जिला पुलिस बल के अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर तुरंत पहुंच गए। घटनास्थल पर हवलदार अमरजीत कुमार यादव बिहार स्वाभिमान बटालियन का शव पाया गया। शव के पास ही उनका सरकारी हथियार कारबाइन मौजूद पाया गया।

घटनास्थल के अवलोकन से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है की हवलदार अमरजीत कुमार यादव के सरकारी कार्बाइन से किसी कारण दुर्घटनावश गोली चल गई है और अपने हथियार से ही उन्हें गोली लग गई है जिसके कारण घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई है। घटनास्थल को तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान हेतु विधिवत सुरक्षित कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम एवं अन्य अनुसंधान इकाइयों को तुरंत घटनास्थल पर बुलाया जा रहा है।

वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर ही कैंप कर गहन अनुसंधान कर रहे हैं। इस घटना के तुरंत बाद लगभग आधे घंटे के लिए महाबोधि मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका गया था, जिसे आवश्यक जांच पड़ताल के बाद पुन आरंभ कर दिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है। वर्तमान में स्थिति सामान्य है। घटना के कारणों के संबंध में गहन अनुसंधान किया जा रहा है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment